औरैया। एसआईआर के तहत अब मार्किंग का काम अंतिम दौर में चल रहा है। निर्वाचन विभाग की ओर से अब बीएलओ की ओर से मार्क किए गए अनुपस्थित, शिफ्टेड, मृतक व डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची वेबसाइट पर जारी कर दी गई है।
मतदाता इसे देख सकते हैं। नाम की गलत मार्किंग होने की स्थिति में मतदाता बीएलओ व अन्य निर्वाचन अधिकारियों से संपर्क कर सुधार करा सकते हैं।
एक जनवरी 2026 के अनुसार इस सूची को मतदाताओं के लिए सार्वजनिक किया गया है। इसमें विधानसभा क्षेत्र वार निर्वाचन दायरे को चुनते हुए अपने बूथ की जानकारी दी गई है। वेबसाइट पर जाकर इस क्रम में मतदाता गलत मार्किंग का पता कर सकते हैं। गलत मार्किंग होने की स्थिति में अपने बीएलओ व अधिकारी से संपर्क करें।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश चंद्र मौर्य ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले की तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष वृहद पुनरीक्षण में मैपिंग चल रही है। इसमें बीएलओ द्वारा मार्क की गई एएसडी (अनुपस्थित, शिफ्टेड, मृतक व डुप्लीकेट) मतदाताओं की सूची जनपद की वेबसाइट औरैया एनआईसी के पोर्टल पर जारी कर दी गई है।
यदि किसी एएसडी मतदाता की गलत मार्किंग हो गई है तो वह संबंधित बीएलओ, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी व कंट्रोल रूम के टोल फ्री नंबर 1950 व 05683-249533 पर अवगत करा सकते हैं।