औरैया। शहर के खानपुर चौराहे से लेकर सुभाष चौक होते हुए बाईपास तक जाने वाली ढाई किलोमीटर सड़क लोगों को सऊदी अरब का अहसास कराएगी।
इस सड़क के बीच में बने डिवाइडर का आकार बदला जाएगा। यहां हरियाली पनपाने के साथ ही हाई वेलोसिटी पंखों के जरिए पानी की फुहार छोड़ने के इंतजाम होंगे।
इन दिनों शहर की सूरत बदलने के लिए नवयुग योजना के तहत पालिका प्रस्ताव तैयार कर रही हैं। मूलभूत सुविधाओं के साथ यहां के लोगों को खास सौगात देने की तैयारी बनाई जा रही है। इस कड़ी में कानपुर से आई इंजीनियर की टीम ने शहर की मुख्य सड़क को लेकर विशेष प्रस्ताव तैयार किया है। इंजीनियर की टीम ने खानपुर चौराहे से लेकर सुभाष चौक होते हुए दिबियापुर बाईपास तक जाने वाली ढाई किलोमीटर सड़क के लिए विशेष खाका तैयार किया है। इस सड़क पर डिवाइडर पर काम कराया जाएगा। इसमें हरियाली उगाने के साथ पग-पग पर हाई वेलोसिटी पंखे लगाए जाएंगे।
ये पंखे गर्मी के दिनों में इस सड़क पर आवागमन करने वाले राहगीरों से लेकर वाहन चालकों को राहत देंगे। पंखों से ठंडे पानी की हल्की फुहार निकलती रहेगी। इससे दोपहर के समय तापमान मेंटेन रहेगा। यही नहीं डिवाइडर पर तापमान मेंटेन करने वाले पौधे भी लगाए जाएंगे।
खराब हो चुकी स्ट्रीट लाइटों की जगह फैंसी लाइटें लगाई जाएंगी। सड़क के बीचोंबीच का यह नजारा लोगों को सऊदी अरब का अहसास कराएगा। चौराहों पर ट्रैफिक सिस्टम लग जाने के बाद यह सड़क सुरक्षा व सहूलियत के पैमाने पर खरी नजर आएगी।
-
डिवाइडर के बीच पौधे के साथ बिछाई जाएगी पानी की पाइपलाइन
मौजूदा समय में खानपुर चौराहे से लेकर दिबियापुर बाईपास तक डिवाइडर बना हुआ है। इस डिवाइडर पर स्ट्रीट लाइटें महज लगी हुई हैं। इस ढाई फीट के डिवाइडर का नए प्रस्ताव के तहत आकार बदला जाएगा। डिवाइडर के बीच में हरियाली की जाएगी।
इसके साथ ही पानी की पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इससे पौधों की सिंचाई से लेकर पंखों को पानी की सप्लाई दी जाएगी। शहीद पार्क में लगे नलकूप से इस पाइपलाइन में सप्लाई दी जाएगी। इसके साथ ही 20-20 मीटर पर स्ट्रीट लाइटें भी लगाई जाएंगी। धरातल पर यह प्रस्ताव आने के बाद यह सड़क लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन जाएगी।
-
मध्य प्रदेश की शहडोल नगर पालिका भी कर चुकी यह प्रयास
मध्य प्रदेश के शहडोल का पथरीला इलाका गर्मी के दिनों में खूब तपता है। इंजीनियरों के टीम लीडर मुकेश श्रीवास्तव ने बताया कि शहडोल नगर पालिका ने भी सड़क पर हाई वेलोसिटी पंखे लगवाते हुए पानी की फुहार की व्यवस्था अपनाई है। सऊदी अरब में भी गर्मी से राहत पाने के लिए सड़कों पर यह इंतजाम किए गए हैं। इसके लिए जरूरी तकनीकी व्यवस्था अपनानी पड़ती है।
-
कानपुर से इंजीनियरों की टीम के जरिए शहर की मुख्य सड़क के ढाई किलोमीटर दायरे में सुरक्षा, सुंदरता और सहूलियत का खाका तैयार किया गया है। इसमें डिवाइडर को बदला जाएगा। इस पर हाई वेलोसिटी पंखों के जरिए पानी की फुहार छोड़ने, हरियाली और लाइटिंग कराई जाएगी। तकरीबन चार करोड़ का यह प्रस्ताव बना है।-अनूप गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष
फोटो-25- पानी की फुहार छोड़ने वाले हाई वेलोसिटी पंखे। स्रोत:इंजीनियरिंग टीम