संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। खाद की कालाबाजारी व निर्धारित दरों से अधिक पर बिक्री किए जाने को लेकर कृषि विभाग ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। जिला कृषि अधिकारी ने चार उर्वरक की दुकानों के निर्धारित दरों से अधिक पर खाद की बिक्री करने पर लाइसेंस निरस्त कर दिए हैं। साथ ही इन दुकानों के संचालकों से 15 दिन के अंदर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं।
रबी फसलों की बुवाई का सीजन शुरू हो चुका है। ऐसे में खाद को लेकर मारामारी शुरू हो गई है। ऐसे में किसान दुकानदारों से निर्धारित दरों से अधिक मूल्य पर खाद खरीदने को विवश हो रहे हैं। लगातार मिल रही शिकायतों को लेकर जिला कृषि अधिकारी ने शनिवार को एग्री क्लीनिक एग्री बिजनेस मुरादगंज, फौजी खाद भंडार मुरादगंज, शुक्ला खाद बीज भंडार मुरादगंज, आदर्श खाद भंडार अबावर का निरीक्षण किया।
इस दौरान शिकायत मिलने पर चारों दुकानों के लाइसेंस निरस्त कर दिए। दुकानों के संचालकों से 15 दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा गया है। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि चारों दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक पर बिक्री किए जाने की शिकायत मिली थी। जिस पर यह कार्रवाई की गई है। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब न मिलने पर लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
गठित हुआ कंट्रोल रूम
किसानों को निर्धारित दर पर उर्वरक मुहैया कराने के लिए कृषि विभाग की ओर से कंट्रोल रूम गठित किया गया है। फोन नंबर 05683-29006 पर किसान सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक किसान उर्वरक से जुड़ी किसी प्रकार की शिकायत दर्ज करा सकते हैं।