दिबियापुर। दिबियापुर प्रीमियर लीग के दूूसरे क्वालीफायर सेमीफाइनल मैच में लीजेंड स्टार ने विजन-11 टीम को हराकर फाइनल में जगह बनाई। अब शनिवार को होने वाला फाइनल दिबियापुर डेयर डेविल और लीजेंड स्टार के बीच खेला जाएगा। अमर उजाला इस लीग मैच का मीडिया पार्टनर है।
गुरुवार को दूसरा क्वालीफायर सेमीफाइनल मैच लीजेंड स्टार और विजन-11 टीमों के बीच खेला गया। विजन-11 टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी। विजन-11 की शुरुआत अच्छी नहीं रही। प्रवीण कुमार के 14 रनों तथा निखिल के 17 रनों की बदौलत टीम 82 रन बना पाई। लीजेंड स्टार की ओर सचिन तिवारी व श्यामवीर ने 2-2 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरे लीजेंड स्टार के देवेंद्र यादव व श्यामवीर ने तेजी से शुरुआत की। इससे गेंदबाजी और क्षेत्र रक्षण कर रही विजन-11 की टीम दबाव में आ गई। इसके बाद श्यामवीर के 27 व सचिन 22 रनों के सहयोग से 12 ओवर में ही लीजेंड स्टार ने 8 विकेट से शानदार जीत हासिल कर ली।
सेमीफाइनल जीतने के बाद लीजेंड स्टार की टीम अब 26 नवंबर को दिबियापुर प्रीमियर लीग का फाइनल खेलेगी। दिबियापुर डेयर डेविल की टीम पहले से फाइनल में जगह बना चुकी है। डीपीएल का फाइनल मुकाबला 26 नवंबर को दोपहर साढ़े 12 बजे से खेला जाएगा।
लीजेंड स्टार के श्यामवीर को समाजसेवी कीरत राजपूत ने मैन ऑफ द मैच ट्राफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। मैच की व्यवस्थाएं अक्षय शुक्ला, प्रवीण कुमार, धर्मेंद्र त्रिपाठी, पुनीत दीक्षित, तस्लीम अहमद, आकाश मिश्रा ,अभिषेक रॉयल आदि ने संभाली।
दिबियापुर क्रिकेट क्लब के संतोष कुमार, देवेश सावित्री देवी राजपूत, देवेंद्र यादव, दीपक चक, अमित शुक्ला, सौरभ खन्ना ने बताया कि शनिवार को होने वाले रोमांचक महामुकाबले के लिए शुक्रवार को तैयारियां की जाएगी। इसके चलते शुक्रवार को मैच नहीं खेला जाएगा।
शनिवार को फाइनल के बाद डीपीएल के समापन समारोह में जिलाधिकारी प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव, एसपी चारू निगम समेत जिले के आला अधिकारियों व गेल के अधिकारियों को आमंत्रित किया गया है।