शुक्रवार रात हुई पहली झमाझम बरसात ने नगर पंचायत व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। कई मोहल्लों में जहां घरों के अंदर पानी भर गया। वहीं विलरायां- पनवाड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित औरैया कन्नौज मार्ग पर बड़े- बड़े गड्ढों में भरा पानी हादसों को दावत देता दिखाई दिया। लोगों ने समस्याओं से निजात को शासन से पहल करने की मांग की है।
शुक्रवार को दिन में प्रारंभ हुई बारिश शनिवार को भी जारी रही। वर्षा से सहायल तिराहे पर औरैया कन्नौज मार्ग पर दुकानों के बाहर बना नाला भरभरा कर ढह गया।
नगर पंचायत कर्मियों का कहना है कि जेसीबी के माध्यम से ढहा नाला साफ कराया जाएगा। इधर, औरैया कन्नौज मार्ग स्थित राणानगर वार्ड में विवेकानंद ग्रामोद्योग महाविद्यालय के आगे नाला जाम हो गया। पानी आगे न निकलने के कारण घरों में पानी भर गया।
राणानगर वार्ड एवं असेनी विद्युत सब स्टेशन के बीच सड़क किनारे नाला न होने से घरों का पानी सड़क पर भरा दिखाई दिया। पीडब्ल्यूडी विभाग की अनदेखी के कारण नहर बाजार भगवतीगंज से लेकर असेनी सब स्टेशन के बीच बड़े- बड़े गड्ढे हो गए हैं।
आलम यह है कि इन गहरे गड्ढों में भरे पानी में गिरकर कई वाहन सवार चुटहिल हो चुके हैं, जबकि बड़े वाहन क्षतिग्रस्त होकर सड़क जाम का कारण बनते दिखाई दिए।
राणानगर वार्ड के सभासद अजय पोरवाल का कहना है कि सहायल तिराहे पर भरभराकर ढहे नाले के बारे में अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत दिबियापुर को बताया गया है। उन्होंने जेसीबी से नाले की सफाई कराए जाने की बात कही है। राणानगर वार्ड में नाला जाम की समस्या से अवगत करा दिया है।