बिधूना। क्षेत्र के गांव लखनहारा में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला मंगलवार को लखनहारा व रुरुगंज की टीम के बीच खेला गया। इसमें लखनहारा की टीम ने रुरुगंज को हराकर मैच जीतकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
अछल्दा- बिधूना मार्ग पर भट्टा के समीप मैदान पर दोपहर करीब दो बजे शुरू हुए फाइनल मैच में टॉस जीतकर लखनहारा के कप्तान ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। बल्लेबाजी करते हुए लखनहारा टीम ने निर्धारित 15 ओवर में 157 रन बनाकर रुरुगंज टीम के सामने 158 रनों का लक्ष्य रखा।
लखनहारा की ओर से भोले ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 77 रन बनाए। रुरुगंज की ओर से गेंदबाजी में फैजान ने चार विकेट, हाशिम ने दो विकेट, जीशान और टिंगा ने एक-एक विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रुरुगंज टीम की शुरूआत बेहद खराब रही। पहला विकेट एक रन, दूसरा दो रन और तीसरा व चौथा विकेट महज पांच रन पर गिर गया। लगातार विकेट गिरने से टीम संभल नहीं सकी और पूरी टीम 12 ओवर में मात्र 51 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
इस तरह लखनहारा टीम ने रुरुगंज को 106 रनों से हराकर फाइनल मुकाबला जीत लिया और टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम की। मैच के दौरान अर्जुन पाल, राजेंद्र पाल, वीरपाल पाल, सोनू सेंगर व शिवेंद्र सहित बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे।