औरैया। शरदोत्सव प्रदर्शनी में रविवार को पालिका अध्यक्ष गायत्री देवी की अध्यक्षता में महिला सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि व पूर्व पालिका अध्यक्ष नरेंद्र कौर ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित व माल्यापर्ण कर किया। इसमें वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान की जिम्मेदारी समाज की है। यदि देश में महिलाएं सुरक्षित नहीं होंगी तो समाज निश्चित रूप से गलत दिशा में अग्रसर होगा। इस मौके पर स्कूली छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुती की।
मुख्य अतिथि नरेंद्र कौर ने कहा कि देश में हावी होती पश्चिमी सभ्यता के कारण आज महिलाओं की सुरक्षा खतरे में है। इसके लिए समाज के व्यक्ति ही जिम्मेदार हैं। हम जो संस्कार अपने बच्चों को देंगे वही संस्कार उनकी दिशा और दशा तय करेंगे। कहा कि पहले घर में बच्चों को रामायण व गीता के पाठ और ज्ञान की बातें बताई जाती थीं वर्तमान समय में सुबह आंख खुलने पर बच्चों के हाथों में मोबाइल होता है। व्यस्त जिंदगी के चलते माता-पिता द्वारा बच्चों की तरफ ध्यान न दिए जाने से वे मोबाइल व इंटरनेट की चकाचौंध दुनिया को ही हकीकत मान रहे हैं। उसी का ही परिणाम है जो आज समाज में महिलाओं को भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि हम सबकी यह खास जिम्मेदारी है कि हम अपने बच्चों को अच्छे संस्कार दें। जिससे उन पर किसी भी प्रकार का दोष अपना प्रभाव न बना सके। पालिका अध्यक्ष गायत्री देवी ने कहा कि समय की जरूरत है कि अब हमको अपनी बेटियों में अच्छे संस्कारों के साथ-साथ रानी लक्ष्मीबाई के गुणों को भी डालना होगा। जिससे कोई भी उनकी तरफ गंदी नजर उठाने से पहले ही अपना अंजाम सोच ले। पालिका ईओ डॉ. अनीता शुक्ला ने कहा कि हमारा देश इक्कीसवीं सदी की तरफ जिस तीव्रता से अग्रसर हो रहा है। लोगों की सोच उसी तीव्रता से नीचे गिर रही है। कार्यक्रम का संचालन मनरेगा समन्वयक विद्या सिंह सेंगर ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा रही।