अजीतमल। ट्रैक्टर के नीचे दबकर शुक्रवार को एक मजदूर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया।
क्षेत्र के गांव सेंगन पुट्ठा निवासी मनोज कुमार दोहरे के भाई अनिल ने गांव के ही चंद्र प्रकाश को भूसा बेचा था। गुरुवार को मनोज ट्रैक्टर से भूसा लाद कर चंद्रप्रकाश के घर जा रहा था। इस दौरान वह ट्रैक्टर के बोनट पर बैठा था। रास्ते में गांव के समीप ट्रैक्टर के बोनट से फिसलकर नीचे आ गिरा और पहिए के नीचे दबकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी ग्रामीणों ने कोतवाली पुलिस और मनोज के परिजनों को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरा और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाल राजकुमार ने बताया कि मनोज के भाई ने घटना की तहरीर दी है। इसके आधार पर मामला दर्ज किया गया है।