संवाद न्यूज एजेंसी
बेला/ककोर। बेला थाना पुलिस, सर्विलांस व एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) ने बेला-दिबियापुर रोड पर नीमहार तिराहे पर शुक्रवार तड़के मुखबिर की सूचना पर घेरेबंदी की। इस दौरान बाइक से आए एक युवक ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया।
जवाबी फायरिंग में बाइक सवार युवक के दाहिने पैर में गोली लगने पर पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा। पकड़ा गया आरोपी गैंगस्टर एक्ट में फरार चल रहा 25 हजार का इनामी निकला।
पुलिस मुठभेड़ के पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने ककोर मुख्यालय में जानकारी दी। बताया कि बदायूं जनपद के थाना कादरचौक गांव धनुपुरा निवासी अमर सिंह उर्फ औतार सिंह बिधूना कस्बा के आदर्शनगर में रहता था। आरोपी पर गैंगस्टर एक्ट के अलावा आठ अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इनमें आरोपी फरार चल रहा था।
गिरफ्तारी को लेकर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। शुक्रवार तड़के मुखबिर की सूचना पर नीमहार तिराहे पर घेरेबंदी की गई। इस दौरान बाइक से आए अमर सिंह ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। पुलिस टीम की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी।
इसके बाद आरोपी बाइक समेत गिर गया। इसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। मुठभेड़ स्थल से आरोपी की जामा तलाशी में उसके पास से तमंचा बरामद किया गया है। एसपी ने बताया कि मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपी पर कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं। थाना पुलिस ने मुठभेड़ को लेकर भी मुकदमा दर्ज किया है।