अजीतमल। कोतवाली क्षेत्र के बाबरपुर-सिकरोड़ी मोड़ के पास बेकाबू होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में ट्रॉली पर सवार एक मजदूर की नीचे दबने से मौत हो गई और उसका भाई मामूली रूप से घायल हो गया। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
राजस्थान प्रदेश के जिला अलवर, थाना मुंडावल क्षेत्र के सियाखोह निवासी महिपाल (45 वर्ष) पुत्र रामकिशोर बोरिंग मशीन का ऑपरेटर था। वह अपने भाई सुरेंद्र के साथ प्राइवेट नलकूप बोरिंग का काम करता है। शुक्रवार दोपहर एक बजे के करीब दोनों भाई ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ मशीन लेकर बोरिंग करने के लिए गोहानी खुर्द जा रहे थे। ट्रॉली में बोरिंग का सामान लदा था। ट्रैक्टर के पीछे ही दोनों भाई सवार थे। जबकि एक अन्य युवक ट्रैक्टर चला रहा था।
बताया कि जैसे ही ट्रैक्टर बाबरपुर-सिकरोड़ी मार्ग पर अमावता के आगे हटे के अड्डा मोड़ पर पहुंचा। तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर बेकाबू हो गया और ट्रॉली पलट गई। ट्रॉली पलटने से पीछे सवार महिपाल नीचे दब गया और उसकी मौके पर मौत हो गई। जबकि भाई मामूली रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला। इधर, सड़क के बीचोंबीच ट्रैक्टर पलटने पर क्षेत्रीय लोग दौड़े और पुलिस को जानकारी दी। घटना की जानकारी पर मलगवा चौकी प्रभारी शेख रियाज मौके पर पहुंचे और शव कब्जे में लिया। घायल ने बताया कि हटे के अड्डा के पास अचानक से एक मवेशी आ गया था। जिसे बचाने में ट्रैक्टर पलटा है। कोतवाली प्रभारी शशिभूषण मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों को जानकारी दी गई है। घटना के बाद से चालक फरार है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।