फोटो-24- कस्बे में घूमते आवारा गोवंश। संवाद
अजीतमल। कस्बे में कान्हा गोशाला का निर्माण होने के बावजूद नगर पंचायत की सड़कों पर अन्ना गोवंशों का जमावड़ा कम नहीं हो रहा है। नगर पंचायत ने अब तक गोवंशों को पकड़ने का कार्य शुरू नहीं कराया है।
कस्बे में प्राचीन मेला ग्राउंड, निर्माणाधीन चंद्रशेखर आजाद पार्क, कोतवाली परिसर व बाबरपुर कस्बे सहित जगह-जगह शाम के समय गोवंशों के झुंड देखे जा रहे हैं। ये अक्सर सड़कों पर लड़ाई करते हैं और सड़क के बीचों बीच बैठ जाते हैं। इससे सड़क से निकलने वाले वाहन स्वामियों को बहुत परेशानी उठानी पड़ती है। रात के समय सड़क पर बैठे गोवंशों से वाहन दुर्घटना ग्रस्त होते हैं, तो कई गोवंश दुर्घटना में मर भी जाते हैं।
अधिशासी अधिकारी प्रदीप कुमार गौतम ने बताया कि कान्हा गोशाला शुरू हो गई है लेकिन अस्थायी गोशाला के गोवंश उसमें पहुंचाए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र के किसानों की तरफ से लाए जाने वाले गोवंश भी वहीं पहुंचाए जा रहे हैं। इससे गोवंशों की संख्या अधिक हो रही है। बताया कि अभी जनगणना में कर्मचारी लगे हैं, समय मिलते ही नगर क्षेत्र के गोवंश भी पकड़वाकर गोशाला भेजे जाएंगे।
हादसे में घायल गोवंश की मौत
कस्बे के मोहल्ला आजादनगर में पुराने मुगल रोड पर देर रात लगभग 10 बजे एक अज्ञात वाहन सड़क पर घूम रहे गोवंश को टक्कर मारकर चला गया। इससे गोवंश का पेट फट गया व एक पैर टूट गया। आवाज सुनकर पहुंचे लोगों ने गोवंश को सड़क के किनारे किया।
स्थानीय लोगों ने उन्हें कपड़े से बांधा और पशु अस्पताल के अधीक्षक डाॅ. उमेश राजपूत को सूचना दी। मौके पर पहुंचे डाॅक्टर ने गोवंश का उपचार किया लेकिन तब तक गोवंश की मौत हो गई। इस पर मोहल्ले के लोगों ने रात में गोवंश की कुत्तों से बचाया। सुबह नगर पंचायत ने उसे नहर के किनारे दफना दिया।