औरैया। शहर के मोहल्ला सत्तेश्वर स्थित भगवान भोलेनाथ मंदिर पर बुधवार को श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया गया। इससे पहले मंदिर से बैंड बाजे के साथ धूमधाम से कलश शोभायात्रा निकाली गई। पीले वस्त्र धारण कर महिलाएं सिर पर कलश लेकर मंगलगीत गाते हुए निकलीं।
कलश यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई मंदिर पर वापस आकर समाप्त हुई। इस दौरान बाजार व प्रमुख मार्गों पर मौजूद लोगों ने श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा करते हुए अभिवादन किया। कलश यात्रा में भगवान की वेशभूषा में कलाकार व श्रद्धालु डीजे की धुन पर थिरकते हुए यात्रा की शोभा बढ़ाई।
दोपहर बाद श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया गया। कलश यात्रा में हिमांशु पांडेय, मन्नु तोमर, बबलू, जितेंद्र भदौरिया, लवली यादव, लकी तिवारी सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजक रामनरेश पांडेय ने बताया कि वृंदावन धाम के आचार्य शोभित अवस्थी द्वारा गुरुवार से कथा का आयोजन दोपहर दो बजे से किया जाएगा।