सोमवार को देवकली स्थित पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में वार्ता के दौरान पुलिस महानिदेशक अभियोजन डा. सूर्य कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान औरैया जिले में 39 अपराधियों को 10 साल से अधिक तथा 221 अपराधियों को 10 साल से कम की सजा कराई गई है।
401 अपराधियों की जमानत निरस्त हुई है। बताया कि कानपुर परिक्षेत्र में 1810 अपराधियों को 10 साल से कम सजा, 284 अपराधियों को 10 साल से अधिक की सजा कराई गई है। वहीं परिक्षेत्र के 4586 अपराधियों की जमानतें निरस्त कराई गई।
अभियान के दौरान प्रदेश स्तर पर 406 अपराधियों को बलात्कार के मामलों में सजा कराई गई। इसके अलावा बच्चों के साथ यौन उत्पीड़न (पास्को एक्ट) के मामले में 32 अपराधियों को आजीवन कारावास की सजा दिलाई गई है। सजा कराओ अभियान 1 जुलाई 2015 से 26 दिसंबर 2015 तक चला। डा. सूर्य कुमार ने बताया कि इस अभियान से प्रदेश स्तर पर पैरवी में सुधार है। गवाहाें में आत्म विश्वास आया है और सभी गवाह भयमुक्त होकर गवाही दे रहे हैं। जिससे अच्छे परिणाम सामने आए हैं।