औरैया। जल्द ही लोगों को सस्ती दवाएं मिल सकेंगी। 100 शय्या अस्पताल में जन औषधि केंद्र खुलने की उम्मीद है। इससे मरीजों को बाहर मेडिकल स्टोर नहीं भागना पड़ेगा।
प्रधानमंत्री भारतीय जन आरोग्य योजना के अंतर्गत सभी सरकारी अस्पतालों में जन औषधि केंद्र संचालित करने को कहा गया है। इसके तहत 50 शय्या युक्त जिला अस्पताल में गेट के पास ही जन औषधि केंद्र चल रहा है। यहां पर लोगों के सस्ती दवाएं मिलती हैं।
अब 100 शय्या अस्पताल में भी जन औषधि केंद्र खोलने की कवायद चल रही है। महाप्रबंधक पॉलिसी एंड पब्लिक हेल्थ साचीज हजरतगंज लखनऊ की ओर से 13 अक्तूबर को जन औषधि केंद्र के लिए जगह की डिमांड की गई थी।
सीएमएस डॉ. राजीव रस्तोगी ने बताया कि शुक्रवार को पत्र लिखकर जगह चिह्नित होने की जानकारी दी गई है। अस्पताल परिसर में ही जन औषधि केंद्र खोला जा सकता है। इससे मरीजों को बहुत सहूलियत होगी।
मालूम हो कि कई दवाएं अस्पताल से मरीजों को नहीं मिल पाती हैं। ऐसे में डॉक्टर उन्हें बाहर से दवा लेने के लिए लिख देते हैं। इस पर मेडिकल स्टोर से उन्हें दवाएं खरीदनी पड़ती हैं। जन औषधि केंद्र खुल जाने से महंगी दवाओं से छुटकारा मिल जाएगा।