औरैया। बिधूना तहसील के हरपुरा में जल जीवन मिशन के तहत 2.61 करोड़ की लागत से ओवरहेड टैंक का निर्माण कराया जा रहा है। घटिया निर्माण सामग्री प्रयोग किए जाने की शिकायत पर मंगलवार को जल निगम की टीम जांच के लिए पहुंची। मौके पर अनियमितता देख टीम ने काम रुकवा दिया और जांच के लिए सैंपल लिए हैं।
सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल जल जीवन मिशन के तहत जिले के अधिकांश ग्राम पंचायतों में ओवरहेड टैंक, नलकूप व पाइप लाइन बिछाने का काम किया जा रहा है। जल निगम ने इस काम को कई अलग-अलग संस्थाओं को दिया है। वर्ष 2024 तक प्रत्येक गांव के हर घर तक पानी पहुंचाने का लक्ष्य है। इधर कई जगहों पर निर्माण कार्य में अनियमितता बरते जाने की विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
कुछ दिन पहले ही बिधूना तहसील के हरपुरा गांव के लोगों ने भी ओवरहेड टैंक में घटिया निर्माण कार्य कराए जाने की शिकायत की। इस पर मंगलवार को जल निगम के अधिशासी अभियंता अरुण कुमार ने इंजीनियरों की एक विशेष टीम गांव भेजी। टीम ने मौके पर पहुंच कर ग्रामीण श्रीकृष्ण, राजेश, रामबाबू, हरगोविंद सिंह के सामने जांच की। इस दौरान कार्यदायी संस्था जीवीपीआर के ठेकेदार भी मौजूद रहे। कार्यदायी संस्था के कर्मचारियों ने मानक के अनुरूप कार्य कराए जाने की बात कही।
वहीं, टीम ने निर्माण कार्य में प्रयोग हो रही ईंट, सीमेंट, मौरंग आदि की गुणवत्ता जांची। इस दौरान कई जगह पर चुनाई कमजोर मिलने पर नाराजगी जाहिर की। इसके साथ ही निर्माण कार्य में प्रयोग की जा रही ईंट, सीमेंट व अन्य सामग्री का सैंपल लिया। गांव के लोगों ने आरोप लगाए है कि जिस मानक से काम होना चाहिए उसका इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। घटिया ईंट व मसाला लगाया जा रहा है। जिस जगह ओवरहेड टैंक बन रहा वहां आस पास आबादी भी यदि घटिया निर्माण हुआ तो आगे खतरा बना रहेगा।
-
वर्जन
घटिया निर्माण की शिकायत पर जांच कराई गई है। कुछ खामियां मिली थीं, इस पर काम रुकवा दिया गया है। जांच के लिए मौके से निर्माण सामग्री का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा जा रहा है। यदि सामग्री गुणवत्ताविहीन पाई गई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। तब तक के लिए काम बंद करा दिया गया है। - अरुण कुमार, अधिशासी अभियंता जल निगम