शहर में गणेश महोत्सव का आयोजन जगह-जगह किया जा रहा है। गणपति बप्पा के विभिन्न स्वरूपों को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। वहीं प्रतिदिन हो रहे विभिन्न आयोजनों को देखने के लिए दर्शकों की भीड़ महोत्सव में पहुंच रही है। वहीं गणेश जी की आरती में हजारों की संख्या में लोग उपस्थित दर्ज करा रहे हैं।
गणेश महोत्सव के तीसरे दिन सदर मार्केट में जागरण का आयोजन एवं भव्य झांकी सजाई गई। गणेश महोत्सव में सजी झांकी देखने के लिए आए सैकड़ों लोगों ने गणपति बप्पा की पूजा-अर्चना कर उनकी आरती में शामिल हुए। सर्राफा कमेटी के तत्वावधान में कराए जा रहे गणेश महोत्सव में विभिन्न प्रकार के आयोजन कराए जा रहे हैं।
शनिवार देरशाम जागरण में कलाकारों ने मौजूद श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके अलावा गणेश महोत्सव में सजी झांकी को देखने के लिए दूरदराज से लोग शामिल होने आ रहे हैं।
आवास विकास में चल रहे महोत्सव में शनिवार को भजन संध्या का आयोजन किया गया। कानपुर से आए कलाकार अरविंद कुमार ने जैसे ही- देवा रे देवा गणपति देवा गीत से भजन संध्या की शुरुआत की वैसे ही भक्तगण धुन पर थिरकने लगे।
इसके बाद सारी रात जगरथा के लिए गीत गणपति बप्पा मोरया, ओ रे गणपति बप्पा, जय गणेश जय गणेश देवा, माता जाकी पार्वती पिता महादेवा, ए गणेश के बप्पा, हमसे भाग बढ़ाए न, आओ जरा झूम ले गणपति बप्पा के साथ गाकर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।
इस मौके पर संतोष पाठक, अवनीश अवस्थी, प्रेम अवस्थी, सतीश पाठक, आशू मिश्रा, आशीष शुक्ला, राघव तिवारी, केपी सिंह, भूरे दीक्षित, अंबुज मिश्रा, राघव मिश्रा, रामजी बाजपेई, अनमोल मिश्रा आदि समेत कमेटी के लोग मौजूद रहे।
ब्रहमनगर मोहल्ले में आयोजित गणेश महोत्सव में शनिवार को भव्य झांकी एवं गणपति बप्पा की आरती का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम आयोजक विशाल दुबे ने बताया कि महोत्सव में विभिन्न प्रकार के आयोजन किए जा रहे हैं।