मौसम की मार से बेहाल किसानों को नहर व बंबा से भी पानी नहीं मिल पा रहा है। खाकी बंबा के टेल तक पानी न पहुंचने से करीब 15 गांवों के किसानों के सामने सिंचाई का संकट खड़ा हो गया है। बंबा की सालों से सफाई न होना भी टेल तक पानी न पहुंचने का एक बड़ा कारण बना हुआ है।
अजीतलम तहसील क्षेत्र के लखना माइनर से निकाला गया खाकी बंबा रहमापुर, दरवटपुर, सबलपुर, लक्ष्मणपुर, सफर, बरीपुरा, अटसू होते हुए मिश्रीपुर टेल तक जाता है। हालत यह है कि राउपुर, बीघेपुर, बल्लापुर, बीसलपुर, पुर्वा, झांवर, सौहरी, गढिय़ा, पूर्वामदन सिंह, बरैला, चांदपुर, नबलपुर, सतहड़ी, हरसहाय का पुर्वा, मिश्रीपुर समेत लगभग 15 गांवों तक बंबा का पानी नहीं पहुंच रहा है।
वर्षों से बंबा की साफ-सफाई व सिंचाई के समय खांदी हो जाने से किसानों को सिंचाई के लिए पानी नसीब नहीं हो रहा है। समय पर खेतों की सिंचाई न होने से किसान परेशान हैं। गांवों के किसान हरिनारायण, विनय अवस्थी, शैलेंद्र सिंह, संजय कुमार, ज्ञान सिंह, हरनारायण आदि ने डीएम से खाकी बंबा की सफाई करा पानी छोड़े जाने की मांग की है। जिससे टेल के किसानों को बंबा का पानी मिल सके।