विवेकानंद महाविद्यालय में अभिभावक सम्मेलन के दौरान केंद्र सरकार के मानव संसाधन विभाग से इन्स्पायर छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले 20 छात्र- छात्राओं को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष डा. अजब सिंह यादव मौजूद रहे।
डा. यादव ने कहा कि विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों को सजग रहना चाहिए। तभी छात्र छात्राओं का भविष्य सुरक्षित रह सकता है। इस मौके पर केंद्र सरकार के मानव संसाधन विभाग की इन्सपायर योजना के तहत 1.20 लाख रुपये प्रतिवर्ष प्राप्त करने वाले 20 छात्र- छात्राओं को सम्मानित किया गया।
प्राचार्य डा. डीपी सिंह ने बताया कि इंटरमीडिएट में 85 फीसदी से अधिक अंक पाने वाले विद्यार्थी इन्स्पायर योजना में आवेदन कर सकते हैं।
स्नातक प्रथम वर्ष में 1.20 लाख रुपये की छात्रवृत्ति मिलना प्रारंभ होती है। स्नातक से परास्नातक तक बिना गैप किए पढ़ाई जारी रखने एवं स्नातक परास्तानक की प्रत्येक वर्ष की परीक्षा में 60 फीसदी से अधिक अंक पाने वाले छात्र- छात्राओं को लगातार पांच वर्षों तक यह छात्रवृत्ति मिलती रहती है।
बताया कि महाविद्यालय के 48 छात्र- छात्राओं ने इन्स्पायर अवार्ड के लिए आवेदन किया था। पहले चरण में यह छात्रवृत्ति 20 छात्र छात्राओं को मिली है। इस मौके पर छात्र छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रस्तुतिकरण भी किया।
डा. संदीप ओमर के संयोजकत्व में संपन्न हुए समारोह का संचालन हिंदी विभाग के डा. इकरार अहमद ने किया। प्रबंधक रामशंकर गुप्ता, डा.आलोक यादव, डा.राकेश कुमार तिवारी, डा.संदीप ओमर, डा.सीपी अवस्थी ने संबोधित किया। अभिभावकों की ओर से गजेंद्र सिंह कुशवाह, अरुण सिंह ने संबोधित किया।