कमरे में जांच करता डॉग स्क्वायड
- फोटो : amarujala
औैरैया। दिबियापुर थाना क्षेत्र के इंदिरानगर मोहल्ले में सोने के आभूषण बनाने वाले कारखाने में शनिवार की रात असलहों से लैस बदमाशों ने डकैती डाल दी। इस वारदात में आधा दर्जन बदमाश शामिल थे। इनमें तीन अंदर कारखाने में लूटपाट करते रहे तो तीन बाहर रहकर पहरा दे रहे थे। रविवार की सुबह सराफ ने दिबियापुर थाने में 500 ग्राम सोने के आभूषण समेत लैपटॉप, सीसीटीवी कैमरे का रिकार्डर, कारीगर का मोबाइल लूटने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दिबियापुर के इंदिरानगर में पवित्र दुबे (विक्की) के दो मकान हैं। एक मकान गली के अंदर है, तो दूसरा उसी के पीछे है। सेंट्रल बैंक के पीछे वाली गली के अंदर वाले मकान में पवित्र दुबे साईं ज्वैलर्स के नाम से सोने के आभूषण बनाने वाला कारखाना चलाते हैं। यहां आसपास के दुकानदारों के आर्डर पर बंगाली कारीगर सोने के आभूषण बनाने का काम करते हैं। पवित्र दुबे पेशे से शिक्षक है वह रसूलाबाद में तैनात है। शनिवार को दोपहर पवित्र दुबे दर्शन करने के लिए उज्जैन गए हुए थे। कारखाने के ज्यादातर कारीगर बंगाली मुस्लिम होने की वजह से बकरीद की छुट्टी लेकर बंगाल चले गए थे। कारखाने में इस समय सिर्फ एक मुस्लिम कारीगर शेख मोदुल पुत्र शेख सुराब निवासी राजापुर थाना उदयनरायनपुर जिला हावड़ा रह रहा था। शनिवार की रात करीब साढ़े आठ बजे आभूषण के कारखाने में तीन बदमाश असलहों और लोहे की रॉड लेकर घुस आए। घुसते ही उन्होंने शेख मोदुल को बंधक बना लिया। तीन अन्य बदमाश कारखाने के बाहर खड़े रहकर निगरानी करते रहे। इसके बाद बदमाशों ने कारखाने के सभी दरवाजों को अंदर से बंद करके आराम से लूटपाट की। कारखाने में अलमारी के अंदर रखे आधा किलो सोने के आभूषण, लैपटॉप, सीसीटीवी कैमरे का रिकार्डर, कारीगर का मोबाइल लूट लिया। बदमाशों के जाने के आंधे घंटे बाद किसी तरह शेख मोदुल कारखाने से बाहर निकला और पवित्र दुबे के रिहायसी मकान में पहुंच कर उनके पिता सुरेश चंद्र दुबे को जानकारी दी। सूचना पर दिबियापुर एसओ जीतेंद्र कुमार, एसओजी प्रभारी संतोष मिश्रा, सीओ सदर श्योदान सिंह घटनास्थल पर पहुंचे।
रविवार को कारखाना मालिक पवित्र दुबे ने दिबियापुर थाने में बदमाशों के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसमें आधा किलो सोने के जेवरात, सीसीटीवी-डीवीआर, आदि लूटने की जानकारी दी गई है। पुलिस ने रविवार की सुबह खोजी कुत्ता बुलाया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। सीओ सिटी श्योदान सिंह ने बताया कि खुलासे के लिए तीन टीमें बनाई गईं हैं। एसओजी और सर्विलांस टीम को सक्रिय कर दिया गया है। जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा।