जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किए जाने में महज तीन दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। सपा समर्थित प्रत्याशी राजवीर यादव के समर्थन में सोमवार को एक निर्दलीय जिला पंचायत सदस्य आ गया। अब सपा अपने पास 16 जिला पंचायत सदस्य होने का दावा कर रही है।
सोमवार को वार्ता के दौरान पूर्व राज्यमंत्री रामबाबू यादव ने बताया कि अजीतमल प्रथम से विजयी जिला पंचायत सदस्य सुशीला देवी पत्नी सरताज खां ने सोमवार को सपा समर्थित जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी राजवीर यादव के पक्ष में अपना समर्थन दिया है।
उन्होंने कहा कि राजवीर यादव को निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों ने कमर कस ली है। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में वह राजवीर को जिला पंचायत अध्यक्ष बनाएंगे। उन्होंने कहा कि विरोधी पार्टियों ने अभी तक अपना कोई प्रत्याशी नहीं उतारा है। इससे साफ है कि राजवीर निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष चुने जाएंगे। उन्होंने कहा कि सपा के पास अब 16 जिला पंचायत सदस्य हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि सपा के जिला पंचायत सदस्यों में किसी प्रकार की कोई अंर्तकलह नहीं है। विरोधी पार्टियां अफवाह फैला रही हैं। उन्होंने कहा कि निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष मो. इरशाद राजवीर यादव के साथ हैं और वह राजवीर के पक्ष में ही वोट देंगे। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य सुशीला देवी, सरताज खां, मखलू पांडेय, अवधेश भदौरिया मौजूद रहे।