औरैया। जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में बिजली विभाग के कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान खराब प्रगति पाए जाने पर अवर अभियंता चपटा केके राठौर, भगौतीपुर अजय कुमार श्रीवास्तव तथा देवरपुर दीपक कुमार राम को एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश अधीक्षण अभियंता बृजमोहन को दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि आगामी बैठक में भी सुधार नहीं किया जाता है तो विभागीय कार्रवाई के लिए पत्र लिखा जाए।
बैठक में जिलाधिकारी नेहा प्रकाश ने कहा कि खराब प्रदर्शन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। तथा जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट प्राप्त की जाए। उन्होंने उपस्थित विद्युत विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरुप कार्य करें। उन्होंने नए कनेक्शन के संबंध में कहा कि समय से सभी नए उपभोक्ताओं को कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएं। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही, शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी। विद्युत चोरी की घटनाओं को लेकर जिलाधिकारी ने कहा कि चोरी करने वाले उपभोक्ताओं पर एफ आईआर अवश्य दर्ज कराई जाए।