टैंकर के ऊपर चढ़कर जांच करता पुलिस कर्मी
- फोटो : amar ujala beuro
डेढ़ माह से देवकली चौकी के पास ज्वलनशील पदार्थ से भरे खड़े अज्ञात टैंकर से हो रहे रिसाव की खबर अमर उजाला में छपते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर टैंकर से रिसते ज्वलनशील पदार्थ की रोकथाम को उपाय कराए। सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मियों को तैनात रहने के निर्देश दिए और चारों तरफ बेरीकेटिंग कराई। पुलिस ने कोर्ट से ट्रक में भरे ज्वलनशील पदार्थ के निस्तारण के लिए अनुमति लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
शहर के हाईवे रोड स्थित मधुपुर गांव के पास से गत 13 मार्च को एसओजी टीम ने मुखबिर की सूचना पर ज्वलनशील पदार्थ से भरे एक टैंकर को कब्जे में लेते हुए ड्राईवर व हेल्पर को हिरासत में लिया था। पुलिस ने टैंकर मालिक की काफी खोजबीन कराई पर कुछ भी पता नहीं चल सका। जांच के दौरान 13 मार्च से लेकर अब तक टैंकर को देवकली चौकी के पास खुले में खड़ा करा दिया गया। 22 अप्रैल को उस ट्रक से ज्वलनशील पदार्थ का रिसाव होने लगा।
इसकी जानकारी देवकली चौकी प्रभारी सहित वहां तैनात कर्मचारियों को दी गई थी। इसके बावजूद पुलिस अधिकारियों ने इसकी कोई सुध नहीं ली। इस खबर को अमर उजाला ने प्रकाशित किया। खबर प्रकाशित होने के साथ ही एएसपी विपुल कुमार श्रीवास्तव पुलिस व फायर ब्रिगेड के अमले के साथ मौके पर पहुंचे। टैंकर से रिस रहे ज्वलनशील पदार्थ के रिसाव को बंद कराने की दिशा में कदम उठाए।
एएसपी विपुल कुमार ने बताया कि टैंकर में भरे ज्वनलशील पदार्थ के निस्तारण के लिए न्यायालय से अनुमति लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अनुमति मिलते ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। वहीं टैंकर की सुरक्षा के लिए बेरीकेटिंग के अलावा आवश्यक कार्यवाही की गई है। पुलिस कर्मियों को भी तैनात कर दिया गया है। जिससे टैंकर के आसपास कोई भी न पहुंच सके।