औरैया। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानों के साथ बैठक कर वैक्सीनेशन को बढ़ाएं। यह निर्देश कोविड-19 से बचाव को लेकर जिले में चल रहे टीकाकरण कार्य में तेजी लाने के लिए हुई बैठक के दौरान दिए।
जिलाधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव, एसीएमओ डॉ. अशोक कुमार, एसएमओ चेतन शर्मा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी सत्येंद्र तथा जन सेवा केंद्र से ई-डिस्टिक मैनेजर विपिन पाल को निर्देश दिए कि एक माइक्रो प्लान बनाया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी और बीडीओ को निर्देश दिए कि वे ब्लॉक के 20-20 प्रधानों के अलावा लेखपाल, कोटेदार, सचिव आदि के साथ बैठक कर गांव में वैक्सीन को लेकर जागरूकता बढ़ाएं एवं लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित करें। जो लोग वैक्सीनेशन में अच्छा कार्य करें उन्हें प्रशस्ति पत्र दिया जाए। साथ ही ब्लॉक के पांच गांव चयनित कर विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाए।
वैक्सीनेशन के एक दिन पहले सूचना देकर सभी का रजिस्ट्रेशन कराया जाए। एक दिन में कम से कम 50 लोगों को वैक्सीन लगाई जाए। युवाओं को वैक्सीनेशन के बाद बताया जाए कि अपने माता-पिता, बाबा-दादी व अन्य सभी लोगों को वैक्सीनेशन कराने के लिए प्रेरित करें। सभी को टीकाकरण के फायदे बताए जाएं। उन्होंने कहा कि वैक्सीन लगाने वाली टीम में शामिल आशा कार्यकर्ता, एएनएम आदि सभी लोगों को मास्क, ग्लव्स, सैनिटाइजर, दवा की किट आदि सभी चीजें दी जाएं।
बैठक में एसएमओ डॉक्टर चेतन शर्मा ने बताया कि डब्लूएचओ के अनुसार जिन्होंने वैक्सीन की दोनों डोज ली है वे लोग कम संक्रमित हुए हैं। जिन्होंने एक डोज ली थी, वे दोनों डोज लेने वालों की अपेक्षा ज्यादा संक्रमित हुए हैं। दूसरी लहर में बच्चे और बुजुर्ग की अपेक्षा युवा लोग ज्यादा संक्रमित हो रहे हैं।