-अनियमित खानपान व मौसम में बदलाव बता रहे चिकित्सक
फोटो 05 एमएएचपी 03 परिचय-इमरजेंसी वार्ड में मरीजों का उपचार करते डॉ. अमित राजपूत। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। होली पर्व पर अनियमित खानपान और मौसम में बदलाव ने डायरिया व पेटदर्द के मरीजों की संख्या बढ़ा दी है। होली के त्योहार पर गुझिया और अन्य पकवानों का आनंद लेने के बाद कुछ लोगों की सेहत खराब हुई है। यही वजह है कि सुबह से ही जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में मरीजों की भीड़ जुटी। अधिकांश मरीज पेटदर्द व डायरिया से पीड़ित रहे।
बृहस्पतिवार को होली का अवकाश होने के चलते जिला अस्पताल की ओपीडी बंद रही। इससे मरीज व तीमारदार इमरजेंसी वार्ड पहुंचे। बुखार, पेटदर्द, डायरिया आदि से ग्रसित नेहा, नैंसी, धीरेंद्र, तुलसीदास, अदिति, अंश, जीनत, सुनील, विकास और राकेश की हालत गंभीर होने पर वार्ड में भर्ती कराया गया। इमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉ. अमित राजपूत ने बताया कि अनियमित खानपान व लगातार बढ़ रहे तापमान से लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। इस मौसम में खुले में रखे खाद्य पदार्थों का सेवन कतई न करें। बताया कि उल्टी दस्त लगने से शरीर में इलेक्ट्रोलाइट की कमी हो जाती है। ऐसे में अधिक पानी पीना चाहिए। अगर संभव हो तो ओआरएस का सेवन करें। साथ ही उल्टी-दस्त की शिकायत पर नमक और चीनी को पानी में मिलाकर भी पी सकते हैं।