नवनिर्मित जिला अस्पताल का डीएम ने औचक निरीक्षण कर तीन दिन में निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण दौरान अस्पताल परिसर में मिली खामियों से तल्ख डीएम ने एसीएमओ को मौके पर बैठकर काम पूरा कराने के आदेश दिए।
गुरुवार को जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव ने ग्राम चिचौली में बन रहे जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण दौरान डीएम ने चारदीवारी से लेकर चिकित्सक रूम व मरीजों के वार्डों को देखा।
वहीं परिसर में खामियां मिलने पर कार्यदाई संस्था सी एंड डीएस के अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए कमियों को जल्द से जल्द दूर करने के निर्देश दिए। काम में हो रही देरी से खफा डीएम ने एसीएमओ डा. विनोद सागर को मौके पर बैठकर काम पूरा कराने को आदेशित किया।
डीएम ने अस्पताल में मरीजों के लिए लगाई गई लिफ्ट की खराबी दूर करने को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया। वहीं संबंधित कार्यदाई संस्थाओं से तीन दिन में शेष रह गए काम को पूरा करने को आदेशित किया। कहा कि उनके निरीक्षण में अन्य अस्पतालंों में जो खामियां मिली हैं, वह जिला अस्पताल के निर्माण में नजर नहीं आनी चाहिए।
एसीएमओ डा. सागर द्वारा जिला अस्पताल को जाने वाले मार्ग में कुछ समस्या आने की बात बताई गई। डीएम ने एसडीएम सदर जितेंद्र श्रीवास्तव को मार्ग की पैमाइश कराकर तीन दिन में समस्या का निस्तारण करने के निर्देश दिए। कहा कि अस्पताल का काम किसी भी तरह से बाधित नहीं होना चाहिए।