सोमवार रात एंबुलेंस और रोडवेज बस की टक्कर में मरे तीनों युवकों की मंगलवार को शिनाख्त हो गई। सूचना पर पहुंचे मृतकोें के परिजनों ने औरैया पोस्टमार्टम हाउस में उनकी पहचान की। परिजनों की तहरीर पर अयाना थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे अयाना थाना क्षेत्र में दीपाली रेस्टोेरेंट के सामने एंबुलेंस व राठ डिपो बस की भिड़ंत हो गई थी। हादसे में में एंबुलेंस सवार तीन लोगों की मौत हो गई थी। रोडवेज बस में सवार दो दर्जन सवारियां घायल हो गई थीं। मृतकों में दो एंबुलेस चालक मोहम्मद साबिद (35) पुत्र जैसिमुद्दीन खां व जुबेर खां (30) पुत्र अजीम खां और एक एक मोहम्मद नियाजुद्दीन खां (25) पुत्र कयामुद्दीन खां गाड़ी मालिक है। सभी औरंगाबाद बिहार निवासी हैं। यह लोग औरंगाबाद से किसी मरीज को छोड़ने दिल्ली गए थे। सोमवार को लौटते समय अयाना थाना क्षेत्र में हाइवे पर एंबुलेंस का टायर फट गया। इससे एंबुलेस डिवाइडर पार कर दिल्ली जा रही राठ डिपो की रोडवेज बस से टकरा गई।
टक्कर इतनी भयंकर थी एंबुलेंस के परखचे उड़ गए। मौके पर पहुंची अजीतमल कोतवाली, औरेैया कोतवाली व अयाना थाना पुलिस ने नौ घायलों को बस से निकालकर सीएचसी अजीतमल पहुंचाया। कई घायलों ने निजी चिकित्सकोें के यहां इलाज करवाया। एंबुलेंस में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए क्रेन बुलानी पड़ी। पुलिस ने सभी मृतकों को पोस्टमार्टम हाउस भेजा। मृतकों के पास मिले कागजातों व मोबाइल के आधार पर पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना दी। मंगलवार दोपहर परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस में उनकी शिनाख्त की।
मृतकों के परिजनों ने दी संयुक्त तहरीर
अजीतमल। थाना क्षेत्र अयाना में हुई दुर्घटना के बाद मृतकों के परिजनों ने अयाना थाना पहुंचकर संयुक्त रूप से घटना की तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर मृतकों के शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रोडवेज बस में घायल यात्री
चांदबाबू (25) पुत्र मुन्नाशाह निवासी जालौन, गोपाल तिवारी पुत्र श्याम किशोर, बबिता (50) पत्नी श्याम किशोर निवासीगण उमरी जालौन, विजयराम(30) पुत्र शिवनाथ निवासी हमीरपुर, दृगपाल (28) पुत्र जगराम अनुरागी निवासी पचई जरिया हमीरपुर, संजय यादव (48) पुत्र अनोखेलाल निवासी नसीरपुर फिरोजाबाद, राजकुमारी (25) पत्नी सुरेंद्र, सुरेंद्र (45) पुत्र नाथूराम निवासीगण सरीला हमीरपुर, जयपाल पुत्र रघुबीर निवासी नगला लोकगांव फिरोजाबाद ने सीएचसी अजीतमल में अपना इलाज कराया।