दिबियापुर। मैं अफगान खान गली नंबर-1 संजय नगर से बोल रहा हूं। नोट कर लीजिए। 12 घंटे में थाने को बम से उड़ा दूंगा। फोन पर थाना दिबियापुर को बम से उड़ाने की धमकी से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। सीओ प्रदीप कुमार समेत पुलिस बल ने थाने व उसके आसपास खड़े वाहनों की तलाशी ली। चप्पे चप्पे की तलाशी के बावजूद कोई भी विस्फोटक सामग्री न मिलने पर पुलिस ने राहत की सांस ली। थाने व आसपास सतर्कता बढ़ाते हुए फोन करने वाले की जानकारी करने में पुलिस जुट गई है।
शनिवार शाम पांच बजे के करीब यूपी-112 पर एक अनजान व्यक्ति ने फोन किया। उसने बताया कि सूचना मिली है कि दिबियापुर थाने को बम से उड़ा दिया जाएगा। जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। तत्काल सीओ प्रदीप कुमार, दिबियापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक राकेश शर्मा ने थाना परिसर के सभी कार्यालयों और आवासों की जांच कराई।
थाना परिसर में खड़े वाहनों की तलाशी ली गई। काफी देर तक चली जांच के बाद कोई विस्फोटक सामग्री न मिलने पर पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली। सीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि थाने को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसपर पड़ताल की जा रही है। कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है। फोन करने वाले के बारे में जानकारी की जा रही है। साथ ही पुलिस प्रशासन की सतर्कता बढ़ा दी गई है। दिबियापुर थाने को बम से उड़ाए जाने की सूचना मिलने के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने लखनऊ तक अफसरों की मदद ली। सर्विलांस के जरिए पुलिस ने संजय नगर से एक युवक को हिरासत में लिया है। उसके पास से पुलिस को फोन पर रिकॉर्डिंग भी मिली है। इसमें युवक यूपी डायल को फोन रहा है। एएसपी दिगंबर कुशवाहा ने बताया कि एक युवक को हिरासत में लिया गया है।
सूचना के आधार पर युवक को पकड़ा गया है। पूछताछ हो रही है।थाने को स्टेशन से उड़ाए जाने की धमकी मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। इधर डायल 112 को फोन करने वाले ने पहले स्टेशन को उड़ाने की बात कही थी। थाने में सघन चेकिंग अभियान के दौरान जब कुछ नहीं मिला तो पुलिस का शक रेलवे स्टेशन की ओर गया। थाने से चंद कदम पर ही रेलवे स्टेशन है। किसी भी तरह से कोई चूक न हो इसके लिए पुलिस अधिकारियों ने लखनऊ से बस डिस्पोजल टीम, झांसी, इटावा से भी टीम व डॉग स्क्वायड बुलाए। देर शाम तक चेकिंग अभियान चलता रहा।
-