बिधूना। एक गांव में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई मारपीट में पत्नी घायल हो गई। बाद में महिला के मायके वालों ने पहुंचकर पति की पिटाई कर दी।
मारपीट में दंपती घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। मामला क्षेत्र के भटौली गांव का है। पुलिस को दी तहरीर में वीना देवी ने अपने पति संतोष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
उनका कहना है कि 15 साल पहले उनकी शादी संतोष से हुई थी। चार बच्चे भी हैं। शादी के बाद से ही पति शराब पीकर दहेज की मांग करता है। कहा कि 11 जून की शाम भी शराब के नशे में घर आए पति ने गाली-गलौज की।
मना करने पर लाठी-डंडों से मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया। उपचार कराने के बाद वह रात में ही अपने मायके चली गई। वहीं, संतोष कुमार का कहना है कि आपसी विवाद के बाद पत्नी वीना ने अपने पिता को फोन कर बुलाया।
पिता के साथ सहायल थाना क्षेत्र के वेलपुर के अजय, राजकुमार, रज्जन, रजित, गोविंद, रोकी और टिकनापुर के धर्मेंद्र ने पहुंचकर गाली-गलौज कर मारपीट की। दोनों की शिकायत पर पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाल मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि दोनों पक्षों में घरेलू विवाद हुआ है। दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घायल पति-पत्नी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया था।