बिधूना। खेतों में लंबे समय से बने जलभराव से परेशान दखनाई, कन्हो समेत आसपास के करीब एक दर्जन गांवों के सैकड़ों किसान बृहस्पतिवार को सिंचाई विभाग कार्यालय पहुंचे। किसानों ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ प्रकोष्ठ की संयोजक मंजू सिंह के साथ अधिशासी अभियंता इं. संजय कुमार से मुलाकात कर खेतों से पानी की स्थायी निकासी कराने की मांग की। किसानों ने इस संबंध में शिकायती पत्र भी सौंपा।
किसानों ने बताया कि बारिश के बाद खेतों में कई दिनों तक पानी भरा रहने से फसलें बर्बाद हो रही हैं। हर बार सड़क या खंदी काटकर पानी निकालने की अस्थायी व्यवस्था की जाती है, लेकिन कुछ समय बाद समस्या फिर खड़ी हो जाती है। जलभराव के कारण अगली फसल की बुवाई को लेकर भी किसानों की चिंता बढ़ गई है।
मंजू सिंह ने अधिकारियों के सामने किसानों की समस्या रखते हुए कहा कि बार-बार अस्थायी व्यवस्था करने के बजाय जलनिकासी का स्थायी समाधान कराया जाना चाहिए। किसानों ने कहा कि लंबे समय से चली आ रही समस्या के कारण उन्हें लगातार फसल नुकसान उठाना पड़ रहा है। अधिशासी अभियंता इं. संजय कुमार ने किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए एक सप्ताह के अंदर जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कार्रवाई का आश्वासन दिया।