सहार। बेला थाना क्षेत्र के पंड़पुर में रविवार शाम को अज्ञात कारणों से एक घर में आग लग गई। आग की लपटें देख मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घर में फंसी तीन लड़कियों को बाहर निकालकर आग बुझाई।
पंड़पुर निवासी राहुल मजदूरी करता है। रविवार शाम को वह अपनी पत्नी सोनी के साथ खेतों पर काम करने गया था। घर पर उसकी बेटियां वर्षा (10), रोशनी (06) व युगरत्ना (02) थीं। शाम करीब सात बजकर 20 मिनट पर घर में अचानक आग लग गई। देखते-देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें उठतीं देख ग्रामीणों ने आग बुझाने के लिए दौड़े।
घर से बच्चियों के चीखने की आवाज सुन ग्रामीणों ने जलते घर से तीनों बच्चियों को बाहर निकाला। कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग बुझने तक घर में रखी गृहस्थी पूरी तरह से जलकर राख हो गई। आग की जानकारी होने राहुल व सोनी दौड़ कर घर पहुंचे। घर की स्थिति देखकर सोनी बेहोस हो गई। सूचना पर चौकी प्रभारी राजपाल सिंह मौके पर पहुंचे।
आग से धधकता घर। संवाद- फोटो : AURAIYA