संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। नगर पालिका परिक्षेत्र में रहने वाले लोगों के द्वारा दिए जाने वाले गृहकर, जलकर व जल मूल्य के लगभग एक करोड़ रुपये टैक्स बकाया को लेकर पालिका ने वित्तीय वर्ष समाप्ति से पहले वसूली की तैयारी शुरू कर दी है।
शहर के 12 स्थानों पर कैंप लगाकर लंबे अर्से से अदायगी न करने वाले लोगों से वसूली की जाएगी। आज से कैंपों का आयोजन शुरू हो जाएगा। सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक कैंप में कर वसूली की कवायद की जाएगी।
31 मार्च से पहले नगर पालिका परिषद बकाया पड़े कर वसूली के काम को तेजी से पूरा करेगी। इसके लिए पालिका के कर्मचारी गुरुवार से रोजाना एक चिह्नित स्थान पर कैंप लगाएंगे। इसके लिए स्थानों का चयन भी कर लिया गया है। राजस्व निरीक्षक विवेक पांडेय के नेतृत्व में कर दाताओं का बकाया निस्तारित करते हुए कर जमा कराया जाएगा। वित्तीय वर्ष 2023 की समाप्ति को लेकर शेष बचे समय को देखते हुए यह तरकीब आजमाई गई है।
-
तारीख मोहल्ला कैंप का स्थान
29 फरवरी होमगंज ट्यूबवेल के पास
एक मार्च भीखमपुर पानी की टंकी परिसर में
दो मार्च तिलकनगर जेसी स्कूल के पास
चार मार्च तिलकनगर प्रेमानंद आश्रम के पास
पांच मार्च सत्तेश्वर जानकी वाटिका के सामने
छह मार्च सत्तेश्वर तकिया मस्जिद के पास
11 मार्च नरायनपुर आर्यनगर मोहल्ला के पास
12 मार्च पढ़ीन दरवाजा शीतला माता मंदिर के पास
13 मार्च बनारसीदास रामकुमारी डीलर के घर के पास
14 मार्च बनारसीदास जनक दुलारी इंटर काॅलेज के पास
15 मार्च होमगंज बड़े हनुमान मंदिर के पास
16 मार्च पढ़ीनदरवाजा रामू पाठक के घर के पास
बोले जिम्मेदार
वित्तीय वर्ष की समाप्ति को देखते हुए कर वसूली के लिए कैंप लगाए जाएंगे। वर्तमान में लगभग एक करोड़ रुपया टैक्स का बकाया है। इसके लिए स्थान चिह्नित कर लिए गए हैं। ज्यादा से ज्यादा लोगों से बकाया जमा कराया जाए इसे लेकर कर्मचारियों को दिशा-निर्देश मिले हैं।
- अनूप गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष