दिबियापुर (औरैया)। दिल्ली के एक पांच सितारा होटल की मैनेजर चांदनी का पर्स गुम हो गया। पर्स में 25 लाख रुपये कीमत के सोने व हीरे के जेवरात थे। चांदनी के मुताबिक दिवरी से दिबियापुर आते वक्त पर्स कहीं गिर गया। इससे वह काफी परेशान है।
हिमांचल प्रदेश के कथेड़ा हमीरपुर निवासी अनीस कुमार की पत्नी चांदनी दिल्ली के पांच सितारा होटल में मैनेजर है। चांदनी के मुताबिक उनके पति भी एक पांच सितारा होटल में मैनेजर हैं। उनका मायका सहायल के पास स्थित दिवरी गांव में है। उनके पिता अनिल पोरवाल की लहरापुर में कॉपी किताब की दुकान है। पांच फरवरी को वह बहन की रिंग सेरेमनी में आईं थीं। शुक्रवार की दोपहर वह भाई रामजी के साथ बाइक से दिबियापुर में फफूंद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने के लिए जा रही थीं। वह दिबियापुर पहुंची, तो उनका एक पर्स गायब था। पर्स रास्ते में गिरने की सूचना उन्होंने दिबियापुर थाने में दी। चांदनी ने बताया कि पर्स में सोने एवं हीरे के कई जेवरात, रुपये, दो हजार यूएस डॉलर, एटीएम एवं बिजनेस कार्ड भी थे। चांदनी के मुताबिक पर्स में लगभग 25 लाख रुपये का सामान था। दिबियापुर थाना प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज चांदनी के पर्स की तलाश की जा रही है।