दिबियापुर (औरैया)। दिल्ली में रहकर टीईटी की तैयारी कर रही दीपिका की ट्रेन से कटकर मौत हो जाने से परिजन सदमे में हैं।
शनिवार की देर रात रेलवे स्टेशन फफूंद के पूर्वी छोर पर एक छात्रा का शव रेलवे ट्रैक पर मिला था। शव की शिनाख्त औरैया में सराफा व्यवसायी बरौआ औरैया निवासी तेज सिंह की सबसे बड़ी पुत्री दीपिका कुशवाहा के रूप में हुई थी। जीआरपी ने शव को रविवार की सुबह पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार दीपिका काफी मेधावी थी। शिक्षक बनने का सपना संजोए थी। वह शिक्षक चाचा जय सिंह कुशवाहा एवं शिक्षिका चाची कल्पना के साथ दिल्ली में रहकर टीईटी की छह माह से कर रही थी। फुफेरी बहन दिबियापुर निवासी मनीषा कुशवाहा के अनुसार यूपी टीईटी की 22 दिसंबर को होने वाली परीक्षा टल जाने के कारण वह अपनी थाइराइड की दवा लेने के लिए दिल्ली से आई थी। शनिवार को सुबह कानपुर गई थी। लौटते समय कैसे यह हादसा हो गया, किसी को नहीं पता। दीपिका ने औरैया से इंटर एवं बीएससी की थी। मेधावी होने के कारण बीएससी लगभग 72 फीसदी अंकों से पास किया था। आगरा से बीटीसी की थी। मृतका दीपिका तीन बहनों एवं दो भाइयों में सबसे बड़ी थी। दीपिका की इस तरह से हुई मौत को लेकर पूरा परिवार सदमे में है।