फोटो-8- मरीज की जांच करते नेत्र विशेषज्ञ डॉ. धीरेंद्र सक्सेना।संवाद
बिधूना। होली के बाद डॉ. राम मनोहर लोहिया नेत्र अस्पताल में आंखों के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ गई है। रंग और गुलाल आंखों में जाने के कारण कई लोग आंखें लाल होने, जलन व किरकिराहट की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं।
शनिवार को नेत्र रोग विशेषज्ञ व अधीक्षक डॉ. धीरेंद्र कुमार सक्सेना ने करीब 40 मरीजों की जांच की। इनमें अधिकांश मरीज ऐसे थे, जिनकी आंखों में होली के दौरान रंग या गुलाल चला गया था। इससे उनकी आंखों में जलन, लालपन, सूजन और किरकिराहट की समस्या हो गई।
डॉ. सक्सेना ने बताया कि होली के त्योहार पर लोगों को पहले से ही आंखों को रंग और गुलाल से बचाने की सलाह दी जाती है, लेकिन इसके बावजूद कई लोग सावधानी नहीं बरतते। रंग आंखों में जाने पर तुरंत साफ पानी से आंखों को धो लेना चाहिए। बताया कि अस्पताल आए मरीजों की जांच कर उपचार किया गया। उन्हें दवाइयां और आई ड्रॉप दी गई है। लोगों को कहा गया है कि अपने आप कोई इलाज न करें, आंखों में कोई परेशानी होने पर डॉक्टर को दिखाएं।