संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। अछल्दा थाना क्षेत्र के भीखेपुर में खेत पर जा रहे युवक पर एक हिस्ट्रीशीटर ने फायर कर जानलेवा हमला कर दिया। किसान के पैर में गोली लगने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। घटना की जानकारी पर एएसपी दिगंबर कुशवाहा ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच पड़ताल की। साथ ही घायल को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस को एक तमंचा व एक रायफल घटना स्थल से बरामद हुई है।
भीखेपुर अछल्दा निवासी राजकुमार पुत्र रामनरेश ने बताया कि उसका भाई गौरव कुमार बुधवार को खेत पर गया था। रास्ते में पूरनपुर फफूंद निवासी चार नामजद व तीन अज्ञात लोगों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि गौरव ने इसका विरोध किया तो सभी ने एक राय होकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच कुछ ने अवैध व लाइसेंसी असलहा से हवाई फायरिंग कर जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह भाई उनसे छूट कर भागने लगा। तभी एक हिस्ट्रीशीटर ने पीछे से फायर झोंक दिया। जिससे गोली गौरव के बाएं पैर में नीचे की तरफ लगी। लहूलुहान हालत में भाई ने घरवालों को जानकारी दी।
युवक के गोली मारे जाने की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी अछल्दा में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने उसे सैफई रेफर कर दिया। इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक दिगंबर कुशवाहा ने बताया कि घटना स्थल से पुलिस को एक 315 बोर की रायफल बरामद हुई है। बताया कि घायल ने पूछताछ में आशीष चौहान व उसके साथियों का नाम बताया है।
आशीष पूरनपुर का रहने वाला है और हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करेगी। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं।