संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। कन्नौज बीएसए कार्यालय में एंटी करप्शन टीम ने एक बाबू को रिश्वत लेते धरा था। मामले में जिले के तीन शिक्षक एंटी करप्शन की टीम का सहयोग करते नजर आए थे। इस संबंध में कन्नौज बीएसए की ओर से मुहैया कराए गए साक्ष्य के आधार पर औरैया बीएसए ने तीन शिक्षकों को निलंबित कर दिया था। मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट में दायर की गई याचिका की सुनवाई के बाद एक शिक्षक के निलंबन मामले में रोक लगाई गई है। वहीं बीएसए औरैया से काउंटर मांगा गया है।
कन्नौज बीएसए कार्यालय में 29 फरवरी को बाबू विमल को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते एंटी करप्शन ने पकड़ा था। मामले में एंटी करप्शन टीम के छापे के दौरान कार्यालय में कुछ शिक्षकों के द्वारा सीसीटीवी कैमरों को उखाड़ने का मामला तूल पकड़ा था। मामले में कन्नौज बीएसए की ओर से औरैया बीएसए को पत्राचार करते हुए तीन शिक्षकों की जानकारी व फोटो वीडियो साझा करते हुए मामला अवगत कराया था। जिसके बाद बीएसए औरैया ने मार्च माह में शिक्षक पंकज कुमार, शरद कुमार व नेत्रपाल सिंह को निलंबित कर दिया था। मामले में शिक्षक पंकज कुमार की ओर से हाईकोर्ट में निलंबन की कार्रवाई को लेकर याचिका दाखिल गई। जिसमें सुनवाई के तहत हाईकोर्ट ने निलंबन आदेश को अगली सुनवाई की तिथि तक रोक लगा दी है। वहीं इस संदर्भ में बीएसए औरैया से काउंटर मांगा गया है। बीएसए अनिल कुमार ने बताया कि पंकज कुमार की ओर से हाईकोर्ट में दायर की गई याचिका में सुनवाई के बाद फिलहाल अगली सुनवाई तक निलंबन पर रोक लगाई है। काउंटर मांगा गया है। साक्ष्यों को प्रस्तुति किया जाएगा।