पंजाब में आतंकी घटना के मद्देनजर जिले में हाई अलर्ट किया गया है। शहर के सार्वजनिक स्थानों का जायजा लिया तो सतर्कता के नाम पर सिर्फ खानापूरी दिखी। दोपहर को एसपी ने खुद कमान संभालते हुए कचहरी परिसर में सुरक्षा के इंतजाम परखे। एसपी के जाते ही चौराहों से पुलिसकर्मी गायब हो गए।
पंजाब में आतंकी हमले के बाद जिले को अलर्ट कर दिया गया। मंगलवार सुबह तो शहर के प्रमुख चौराहों समेत सभी जगह एक भी पुलिसकर्मी नजर नहीं आया। दोपहर दो बजे एसपी मनोज तिवारी ने कचहरी परिसर पहुंचकर वहां की सुरक्षा व्यवस्था परखी।
एसपी ने बैरक में बंद कैदियों का हालचाल लिया। साथ ही वकीलों से सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम के बारे में जानकारी की।
जब तक एसपी निरीक्षण करते रहे, तब तक शहर के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध परिस्थितियों में खड़े लोगों से पूछताछ जारी रही। जैसे ही एसपी अपने कैंप कार्यालय को रवाना हुए। एक-एक कर सारा फोर्स गायब होता चला गया।
वहीं रोडवेज स्टैंड पर लोगों को बेरोकटोक जाने दिया जा रहा है। न तो यहां पर कोई पुलिसकर्मी मौजूद मिला और न ही कोई सुरक्षा के इंतजाम।
सीओ सिटी रमेशचंद्र भारतीय ने सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध परिस्थितियों में खड़े लोगों से पूछताछ की। इसके अलावा जनपद के थानाध्यक्षों को प्रमुख मार्गों पर निरीक्षण के निर्देश दिए गए थे, जो हवा-हवाई होते दिखे।
पंजाब में आतंकी घटना के मद्देनजर शहर को अलर्ट कर दिया गया है। मैं स्वयं शहर के अलावा देहात में निरीक्षण कर रहा हूं। इसके अलावा सीओ व थानाध्यक्षों को चेकिंग के निर्देश दिए हैं। मनोज तिवारी, एसपी