औरैया। बीते सप्ताह बारिश के चलते मिली राहत के बाद अब गर्मी का सितम शुरू हो गया है। मंगलवार को तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। वहीं आगामी चार दिनों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के पूर्वानुमान ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। इससे अप्रैल के अंत तक भीषण गर्मी का अहसास हो सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले साल अप्रैल में पारा 39 डिग्री तक सीमित रहा था लेकिन इस बार यह पारा 44 डिग्री तक जाने के आसार हैं। एक सप्ताह पहले हुए बारिश के बाद पारा गिरकर 30 डिग्री तक आ गया था। इससे लोगों ने राहत की सांस ली थी लेकिन यह राहत ज्यादा दिन तक नहीं चल सकी। एक सप्ताह में रोजाना अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। मंगलवार को पारा 39 डिग्री तक पहुंच गया।
कृषि मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को पारा 40 डिग्री तक पहुंच जाने के आसार हैं। इसके साथ ही बृहस्पतिवार के बाद अधिकतम तापमान 41 व शनिवार और रविवार को पारा 44 डिग्री तक जाने के आसार हैं। लू चलने से गर्मी में और इजाफा होगा। मंगलवार को गर्मी के सितम के बीच शहर की सड़कों पर काफी हद तक सन्नाटा भी देखने को मिला। पेय पदार्थों की दुकानों पर लोगों की अच्छी खासी भीड़भाड़ रही। लोग गमछे से सिर ढककर आवागमन करते नजर आए।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से चल रही पछुआ हवाएं कमजोर पड़ेंगी। इसके बाद अगले चार-पांच दिनों में औसत तापमान में तीन से छह डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी के संकेत हैं।
-
लू से बचाव के लिए तैयारियां शुरू
जिला प्रशासन की ओर से लू से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी कर दी गई है। सरकारी अस्पतालों को इसके लिए अलर्ट कर दिया गया है। अस्पतालों में हीट स्ट्रोक के लक्षणों को पहचानने और तत्काल प्राथमिक उपचार देने के लिए डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। साथ ही ओआरएस का इंतजाम, आइस पैक्स और कूलिंग किट जैसी सुविधाएं भी पुख्ता रखने को कहा गया है। शहर से लेकर गांव स्तर पर गर्मी से बचाव को लेकर आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रचार-प्रसार पर भी लगाया गया है।
किसानों पर भी बढ़ेगा बोझ
मौसम की मार किसानों को भी झेलनी पड़ेगी। पहले बारिश से जहां गेहूं की फसल में नुकसान हुआ तो वहीं अब तेज धूप और तापमान बढ़ने से मक्का की फसल पर मार पड़ेगा। गर्मी में किसानों को एक सप्ताह में मक्का की सिंचाई करनी होगी। ऐसे में फसल की लागत बढ़ जाएगी और किसानों पर बोझ अधिक पड़ेगा।
गर्मी में बरतें सावधानी
मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. पवन कुमार शर्मा ने बताया कि गर्मी दस्तक दे रही है। ऐसे में जरूरी सावधानी बरतते हुए बीमार होने से बचा जा सकता है। खानपान से लेकर शरीर को तेज धूप और लू से बचाना होगा। जरा सी लापरवाही बीमार कर सकती है।