औरैया। जिले में कई लोग इन दिनों वायरल की चपेट में हैं। वहीं, डेंगू की आशंका के चलते स्वास्थ्य विभाग की टीम अलर्ट मोड में आ गई है। रविवार को टीम ने अजीतमल व सहार ब्लॉक के घरों में जांच की और लोगों को जागरूक किया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम के मलेरिया इंस्पेक्टर ज्ञान प्रताप सिंह, प्रवीना उत्तम व अमित कुमार अजीतमल ब्लॉक के क्षेत्र में पहुंचे। ग्रामीणों के घरों के अंदर रखे फ्रिज, कूलर, पानी की टंकी, बाल्टी समेत अन्य चीजें की जांच की।
सहार ब्लॉक के बिहारीपुर में सहार सीएचसी अधीक्षक डॉ. जितेंद्र कुमार, अभिषेक व दुष्यंत ने ग्रामीणों से पूछताछ की। टीम ने क्षेत्र में फैली गंदगी, जलभराव, तालाब व नाली से भी जांच की। गंदगी वाले क्षेत्रों में फॉगिंग कराई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों से घरों में पानी एकत्र न होने देने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने घर के अंदर व बाहर साफ-सफाई रखने, पूरे आस्तीन वाले कपड़े पहनने और सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करने पर जोर दिया।
डिप्टी सीएमओ डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अजीतमल व सहार ब्लॉक के क्षेत्रों में लार्वा का सर्वे किया है। डेंगू व मलेरिया का लार्वा टीम को नहीं मिला है। ग्रामीणों को साफ-सफाई रखने की सलाह दी गई है।