सहायल (औरैया)। बादशाहपुर छेउक गांव में डेंगू ने पांव पसार रखा है। गांव के दो लोगों की शनिवार को कानपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। बुखार आने पर जांच कराने पर इनमें डेंगू की पुष्टि हुई थी। पांच लोग अभी बीमार हैं। इलाकाई लोगों का कहना है कि नालियों की साफ -सफाई न होने से डेंगू ने लोगों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है।
गांव में बीमारी की चपेट में आए दिलीप (25) पुत्र गंगा प्रसाद व मिस्टर (30) पुत्र वेदनाथ की कानपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई है। परिजनों ने बताया कि बुखार आने पर दोनों की दिबियापुर स्थित प्राइवेट अस्पताल में जांच करवाई थी, जहां डेंगू की पुष्टि हुई। कानपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। ग्रामीण सुरेश, स्वरूप तिवारी, सतेंद्र यादव, सुरेंद्र यादव, रामदत्त यादव, राजेश कुमार, सर्वेश तिवारी, राधाकृष्ण शर्मा, जयनारायण शर्मा, तेजमंत, रामकुमार, संजीव यादव ने बताया कि महीनों से नालियों की सफाई न होने से गांव में गंदगी का आलम व्याप्त है। इससे डेंगू ने पैर पसारना शुरू कर दिया है।
ग्रामीणों ने बताया कि जल्द गांव में सफाई और डीडीटी दवा का छिड़काव न किया गया तो संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव निवासी गोलू पुत्र महेंद्र स्वरूप को भी डेंगू है, वह औरैया में भर्ती है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. राकेश सचान ने बताया कि उन्हें इस संबंध में जानकारी नहीं है। जल्द ही गांव में दवा का छिड़काव करवाया जाएगा।