औरैया। स्वास्थ्य विभाग को रविवार को मिली सैंपलों की रिपोर्ट में 16 कोरोना संक्रमित मिले। इसमें 10 संक्रमित जिला मुख्यालय स्थित डीएम और एडीएम कार्यालय में काम करने वाले कर्मचारी हैं। जिलाधिकारी ने प्रभावित कार्यालयों को सैनिटाइज कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संक्रमितों के संपर्क में आने वालों के भी जांच के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने बताया कि रविवार को सात लोगों ने कोरोना से जंग जीती। 16 नए संक्रमित मरीज मिले है। जिले में अब संक्रमितों की संख्या 2809 हो गई है, 2613 मरीज स्वस्थ हुए हैं। अब एक्टिव केस 160 हैं। कोरोना से मरने वालों की संख्या 36 है। उन्होंने बताया कि रविवार को चार नए हॉटस्पॉट क्षेत्र घोषित किए गए। जबकि चार क्षेत्र मुक्त किए गए हैं। अब कुल एक्टिव हॉटस्पॉट क्षेत्रों की संख्या 56 हो गई है। जिले में अब तक 623 हॉटस्पॉट क्षेत्र बनाए जा चुके हैं।
इधर रविवार को स्वास्थ्य टीमों ने आरटीपीसीआर के कुल 747, ट्रू-नेट के दो और एंटीजन के 358 सैंपल लिए। जिले में अब तक आरटीपीसीआर के 62421 सैंपल लिए जा चुके हैं। इसमें 59143 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव रही है। सैफई लैब से अब 1463 सैंपलों की रिपोर्ट आने का इंतजार है। अब तक ट्रू-नॉट के 1917 सैंपल और एंटीजन के 47350 सैंपल लिए जा चुके है। कोविड केयर सेंटर 100 शय्या चिचौली जिला अस्पताल में भर्ती संक्रमित मरीजों की संख्या अब आठ रह गई है। जबकि होम आइसोलेशन में अब 126 संक्रमित मरीज रह गए हैं।
शहर के मोहल्ला दिल्ली दरवाजा में दो, गोविंद नगर में एक, भार्गव बिल्डिंग दिबियापुर में एक, भाग्यनगर ब्लाक क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ककोर मुख्यालय में 10, विकास नगर दिबियापुर में एक, बिधूना ब्लाक क्षेत्र के जवाहर नगर बिधूना में एक संक्रमित मरीज मिले हैं।