औरैया। समाजसेवी संस्था एक विचित्र पहल सेवा समिति के तत्वावधान में रविवार को गांव नरोत्तमपुर में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान मौजूद ग्रामीणों, दिहाड़ी मजदूरों व किसानों को नशे के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से बताया गया। समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता ने बताया कि नशा एक सामाजिक अभिशाप है, जिससे लोगों को दूर रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नशा एक ऐसी लत है, जिससे इंसान का जीवन समय से पहले ही खत्म हो जाता है। बीड़ी, सिगरेट, गुटका आदि मादक पदार्थों के सेवन करने से व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आर्थिक नुकसान पहुंचने के साथ-साथ सामाजिक वातावरण भी प्रदूषित होता है। सिगरेट का सेवन करने से फेफड़ों में कैंसर होने की संभावना होती है। जबकि तंबाकू गुटखा खाने से हृदय रोग उत्पन्न होने का खतरा बना रहता है।
कार्यक्रम प्रभारी कपिल गुप्ता ने बताया कि संस्था की ओर से छात्र-छात्राओं के लिए शीघ्र ही ऑनलाइन नशा मुक्ति से संबंधित सीमित अवधि की भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। समिति के सदस्यों ने प्रदेश सरकार से जनहित में गुटखा पान मसाला तथा मादक पदार्थों की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। इस मौके पर सभासद पंकज मिश्रा व छैया त्रिपाठी, जूनियर शाखा अनमोल के अध्यक्ष रामचंद्र सोनी के अलावा आनंद गुप्ता (डाबर), महेंद्र गुप्ता (लालू), गोपाल गुप्ता, रिक्की वर्मा, अर्पित गुप्ता, कपिल गुप्ता, नीरज पोरवाल व अभिषेक गोयल आदि मौजूद रहे।