औरैया। जिले के 33 प्राइवेट अस्पतालों के संचालकों को सीएमओ कार्यालय में बुलाकर प्रशिक्षित डॉक्टर द्वारा कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके लिए सीएमओ ने सभी प्राइवेट अस्पताल के संचालकों को सूचना भेज दी गई है।
प्राइवेट अस्पतालों में खांसी, जुकाम व बुखार के आने वाले मरीजों की सूची तैयार करके जिला प्रशासन को न देने पर रिमाइंडर नोटिस भेजी गई है। बता दें जिलाधिकारी द्वारा जिले में संचालित प्राइवेट अस्पतालों को निर्देश दिए गए थे कि अस्पतालों में खांसी, जुकाम व बुखार के आने वाले मरीजों की सूची तैयार करके जिला प्रशासन को रिपोर्ट देनी होगी। जिसके द्वारा संदिग्ध मिलने पर उसकी जांच कराई जा सके।
कोरोना वायरस महामारी के कारण जिले के सरकारी अस्पतालों की ओपीडी को बंद कर दिया गया है। जिसके कारण मौसमी बीमारी के मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। जिसके लिए जिले में संचालित 33 प्राइवेट अस्पतालों को जिलाधिकारी ने ऐसे मरीजों का इलाज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मेडिकल स्टोर व अस्पतालों में आने वाले खांसी, जुकाम व बुखार के मरीजों की सूची तैयार कर जिला प्रशासन को भेजने के भी निर्देश दिए हैं। जिसके माध्यम से कोरोना वायरस के संदिग्ध होने पर उनकी जांच की जा सके। उनके द्वारा ऐसा न करने पर अस्पताल संचालकों को रिमाइंडर नोटिस भेजी गई है।
साथ ही सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में संचालित सभी 33 प्राइवेट अस्पतालों के संचालको को शनिवार को सीएमओ कार्यालय में मीटिंग कर कोरोना से बचाव के लिए प्रशिक्षित डॉ. शत्रुघन के द्वारा ट्रेनिंग दी जाएगी।