औरैया। दिल्ली के जमातियों के संपर्क में आने वाले दो लोगों की पॉजिटिव रिपोर्ट आने पर शहर के कई स्थानों पर मुस्लिम समाज के लोगों को चिंह्ति कर चिचौली के सौ शय्या जिला अस्पताल भेजा गया। वहां दोनों पॉजिटिव मरीजों के 12 परिजनों और संपर्क में आने वालों को आइसोलेट किया गया। परिवार के सभी 12 लोगों की जांच के लिए सैंपल भेजा गया है। वहीं, 35 लोगों को क्वारंटीन किया गया। इसमें अछल्दा से एक महिला भी शामिल है, जिसे संदिग्ध बताया जा रहा है।
डीएम अभिषेक सिंह ने शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग व अन्य संबंधित अधिकारियों की बैठक बुलाई। बैठक में हालात से निपटने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए, साथ ही जरूर दिशा निर्देश दिए गए। इसके बाद दोपहर में फोर्स के साथ शहर के बघाकटरा, नारायनपुर, खानपुर व दयालपुर मोहल्लों में धावा बोलकर जमातियों के संपर्क आए लोगों को चिंह्ति कर चिचौली के सौ शय्या जिला अस्पताल भेजा गया।
डीएम अभिषेक सिंह ने बताया कि पॉजिटिव मरीजों के परिजनों व उनके संपर्क में आने वालों को पकड़ा गया है। दो पॉजिटिव मरीजों के दयालपुर व नारायनपुर में निवास करने वाले 12 परिजनों और संपर्क वालों को चिचौली जिला अस्पताल में बने आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। साथ ही उनकी कोरोना की जांच के लिए सैंपल भेजे गए है। इनमें दो महिला व एक बच्चा भी शामिल है।
शहर में बघाकटरा व खानपुर से भी कई लोग पकड़े गए, जिन्हें चिचौली के जिला अस्पताल ले जाया गया। चिचौली स्थित क्वारंटीन वार्ड में 35 लोगों को भर्ती किया गया। क्वारंटीन किए गए 35 लोगों में अछल्दा की एक महिला के अलावा खानपुर के 14 लोग शामिल हैं। चिचौली जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में 12 व क्वारंटीन सेंटर में 35 लोगों को रखा गया है।