सदर कोतवाली में आधे-अधूरे अभिलेख देख जिलाधिकारी का पारा चढ़ गया और उन्होंने मुंशी व संबंधित पुलिसकर्मी को फटकार भी लगाई। सदर कोतवाली में समाधान दिवस के अवसर पर डीएम एवं एसपी ने फरियादियों की समस्याएं सुनी।
डीएम ने समाधान दिवस में आने वाली प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से निस्तारण किए जाने के निर्देश दिए हैं।
शनिवार को सदर कोतवाली औरैया में आयोजित समाधान दिवस में डीएम माला श्रीवास्तव व एसपी मनोज तिवारी सुबह 10.30 बजे पहुंचे।
उन्होंने तहसील दिवस, समाधान दिवस के अलावा अन्य अभिलेखों के रजिस्टर चेक किए। अधूरे रजिस्टर देखकर डीएम माला श्रीवास्तव का पारा चढ़ गया, उन्होंने कहा कि अगर कार्य के प्रति कोई भी व्यक्ति हीला-हवाली बरतता है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कहा कि समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों का हर हाल में एक सप्ताह के अंदर निस्तारण हो जाना चाहिए।
एसपी मनोज तिवारी ने कहा कि पुलिस से संबंधित आने वाले फरियादियों को हर हाल में न्याय दिलाना उनकी पहली प्राथमिकता है। अगर कार्य के प्रति कोई पुलिसकर्मी कोताही बरत रहा है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
कहा कि कोतवाली व थाने में आने वाले फरियादियों को हर हाल में न्याय मिलना चाहिए। समाधान दिवस में शनिवार को कुल 15 शिकायतें आई, जिसमें से आठ शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। इस अवसर पर सीओ सिटी रमेशचंद्र भारतीय, कोतवाल विक्रमाजीत सिंह मौजूद रहे।