अछल्दा (औरैया)। थाना क्षेत्र के गांव चिमकुनी स्थित मुस्कान गेस्ट हाउस में शनिवार रात आई एक बरात में आरोपियों ने रंजिश में दूल्हे की गाड़ी चलाकर आए ड्राइवर को पीट दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कन्नौज जिले थाना इंदरगढ़ क्षेत्र के गांव हुसैन नगर निवासी सरमन शनिवार रात बरात में दूल्हे की गाड़ी चलाकर चिमकुनी गांव आया था। गेस्ट हाउस में बरात के दौरान हुसैन नगर इंदरगढ़ निवासी सचिन, पवन, प्रत्येश और सुनील ने रंजिश को लेकर सरमन को घेर लिया। गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर लाठी-डंडों हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी धमकी देकर मौके से भाग गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। प्रभारी थानाध्यक्ष सुरेश चंद्र ने बताया कि पीड़ित की शिकायत को दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस लगी है। जल्द गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।