दिबियापुर (औरैया)। फफूंद रेलवे स्टेशन पर कानपुर से इटावा जा रही पैसेंजर ट्रेन के डिब्बे में चढ़ी वृद्धा अपनी नातिन को न देख परेशान हो गईं। इसके बाद वह चलती ट्रेन से प्लेटफार्म पर कूद गईं।
अचानक छलांग लगाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। सीएचसी से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। छौंक बादशाहपुर निवासी घायल महिला के भतीजे राजकुमार सिंह ने बताया कि तीन दिन पहले उनकी बुआ शकुंतला (65) पत्नी मुरारी निवासी मैनपुरी उनके घर आई थीं। उनके साथ उनकी भतीजी नेहा व नातिन नंदनी भी थीं।
शुक्रवार को इटावा जाने के लिए वह फफूंद रेलवे स्टेशन पर थीं। पैसेंजर ट्रेन आई तो नातिन नंदनी दूसरे डिब्बे में चढ़ गई। शकुंतला जिस बोगी में चढ़ी, उसमें नंदनी नहीं थी। इससे शकुंतला ने समझा कि नंदनी स्टेशन में छूट गई है।
हड़बड़ाहट में वह चलती ट्रेन से कूद गईं और गिरकर घायल हो गईं। डॉक्टरों ने बताया कि उनके सिर और कमर में चोट आई है।यात्रियों की सूचना पर पहुंची आरपीएफ व जीआरपी ने एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया। जहां डाॅक्टरों ने 100 शैय्या अस्पताल रेफर कर दिया।