औरैया। पंचायत चुनाव में जीत के बाद भी शपथ न ले पाने वाले प्रधानों के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने अच्छी खबर दी है। ग्राम पंचायत सदस्यों का कोरम पूरा न करने वाली पंचायतों में सदस्य पदों के लिए उपचुनाव की तिथि निर्धारित कर दी है। छह जून को नामांकन होगा। 12 को मतदान व 14 जून को मतगणना होगी। इस पर प्रधान भी सक्रिय हो गए हैं।
जिले की 477 ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधान के 477, क्षेत्र पंचायत के 580 व 23 जिला पंचायत सदस्य पद के लिए चुनाव हुआ था। ग्राम पंचायत सदस्य के 5909 पदों में से 2397 पद रिक्त रह गए। ग्राम पंचायत सदस्य पद रिक्त रहने से 235 ग्राम पंचायत असंगठित (कोरम पूरा नहीं) रह गईं थीं। रिक्त पदों पर चुनाव के लिए उप चुनाव होने थे।
सोमवार देर शाम राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी। छह जून को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक नामांकन और उसी दिन पांच बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी। सात जून को सुबह आठ बजे से शाम तीन बजे तक नामांकन वापसी और उसी दिन चिह्न आवंटित होंगे। 12 जून को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। 14 जून को सुबह आठ बजे से मतगणना कराई जाएगी।
वर्जन
ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 5909 में 2397 पद रिक्त रह गए हैं। इसके लिए निर्वाचन आयोग ने अधिसूचना जारी करने के साथ समय सीमा तय कर दी है। आयोग के नियमानुसार चुनाव संपन्न कराए जाएंगे।- रावेंद्र सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी
ब्लॉक ग्राम पंचायत असंगठित
औरैया 95 62
अजीतमल 68 20
भाग्यनगर 73 42
सहार 65 32
बिधूना 69 39
एरवाकटरा 46 10
अछल्दा 61 30
-----------------------------------
योग 477 235