बिधूना।
कोतवाली क्षेत्र के भिखरा में शनिवार रात चोरों ने एक जनसेवा केंद्र के ताले तोड़ अंदर रखी नकदी समेत सामान पार कर दिया। सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक ने ताले टूटे देख घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू की है।
भिखरा निवासी रजित शाक्य ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि बिधूना-रामगढ़ मार्ग पर गांव के बाहर बनी दुकान पर वह जनसेवा केंद्र व मोबाइल रिपेयरिंग का काम करता है। शनिवार रात को चोरों ने दुकान के ताले तोड़कर अंदर रखे दो प्रिंटर, इन्वर्टर, आदि सामान व गुल्लक में रखी पांच हजार नकदी समेत ढाई लाख का सामान चोरी कर लिया।
रविवार सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचा तो उसे ताले टूटे मिले व शटर ऊपर उठा था। अंदर जाकर देखा तो चारों ओर कागजात बिखरे पड़े थे और सामान गायब था।
सूचना पर पहुंचे कोतवाल सत्यप्रकाश ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ पीड़ित से घटना के संबंध में पूछताछ की। कोतवाल सत्यप्रकाश ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।