जाको राखे साइयां मार सके न कोय की कहावत शनिवार को शहर के फर्रुखाबाद फाटक के पास चरितार्थ हो गई। रेलवे लाइन पार करते समय एक युवती गोमती ट्रेन की चपेट में आ गई। टक्कर लगने से युवती ट्रेन के नीचे आ गई। पूरी ट्रेन उसके ऊपर से होकर गुजर गई। ट्रेन के गुजरने पर लोगों ने देखा तो युवती मामूली रूप से घायल हुई थी। लोगों ने तुरंत उसे उठाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद सीओ सिटी शिवराज सिंह मौके पर पहुंचे और उन्होंने अपनी जीप से घायल युवती को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
औरैया जिले के ऐरवा कटरा थाना क्षेत्र के गांव बरौना कला निवासी स्व धीरज सिंह की 21 वर्षीया पुत्री गार्गी शनिवार को किसी काम से बस से इटावा आई थी। जब वह फर्रुखाबाद फाटक से उतर कर रेलवे लाइन पार कर रही थी। वह कानपुर की ओर से आ रही गोमती एक्सप्रेस के इंजन की चपेट में आ गई। चूंकि गोमती एक्सप्रेस का इटावा में स्टापेज है इसलिए वह भी धीमी गति से गुजर रही थी। गोमती के इंजन की टक्कर लगने से वह रेलवे लाइन की पटरियों के बीच में गिर पड़ी। ट्रेन उसके ऊपर से गुजर गई।
ट्रेन के गुजर जाने के बाद लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और उन्होंने पटरियों के बीच में पड़ी युवती को उठाया। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर सीओ सिटी शिवराज सिंह मय फोर्स के मौके पर पहुंचे और उन्होंने घायल युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। युवती ने बताया कि वह किसी काम से इटावा आई थी। उसके पिता की मौत हो चुकी है। उसकी मां सावित्री देवी, भाई गिरजेश सिंह तथा भाभी कामिनी घर पर हैं। जानकारी मिलने पर एसओ फ्रेड्स कॉलोनी जेपी पाल मय फोर्स के अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने युवती के परिजनों को इसकी सूचना दी है।